छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। जिले की स्पेशल टीम ने एक पुलिस आरक्षक को गिरफ्तार किया है, जिस पर करीब ढाई करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। आरोपी की पहचान हेमंत नायक के रूप में हुई है।
SP बनकर करता था धोखाधड़ी
जानकारी के मुताबिक, हेमंत नायक ने पुलिस अधीक्षक (SP) के नाम से एक फर्जी ईमेल आईडी तैयार की थी। वह पहले कारोबारियों और बिल्डरों के बैंक खातों की जानकारी हासिल करता, फिर तकनीकी तरीकों से उनके खाते फ्रिज करवा देता था। इसके बाद वह खुद को SP बताकर पीड़ितों से खातों को अनफ्रिज करवाने के नाम पर भारी रकम वसूलता था।
म्यूल अकाउंट का भी किया इस्तेमाल
हेमंत ने ठगी के लिए कई फर्जी बैंक खातों (म्यूल अकाउंट) का भी इस्तेमाल किया। जैसे ही मामले की भनक स्पेशल टीम को लगी, उन्होंने आरोपी की तलाश शुरू कर दी और अंततः सारंगढ़ से उसे धर दबोचा। फिलहाल टीम उससे पूछताछ कर रही है और आगे की जांच में जुट गई है।