Home Chhattisgarh news Balod news 21 महिलाओं से 10.50 लाख की ठगी, कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

21 महिलाओं से 10.50 लाख की ठगी, कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

0
21 महिलाओं से 10.50 लाख की ठगी, कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

बालोद डौंडी थाना क्षेत्र के गांव कुआंगोदी और झुरहाटोला की 21 ग्रामीण महिलाओं से 10 लाख 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दल्लीराजहरा की रहने वाली दो महिलाओं – पूजा भारद्वाज और सिंधिया गुलेन्द्र – ने फर्जी स्वयं सहायता समूह बनाकर एक निजी कंपनी से लोन लिया और किश्तें चुकाने की जिम्मेदारी अन्य महिलाओं पर डाल दी। पिछले एक साल से पीड़ित महिलाएं किस्तें चुका रही हैं और अब कर्ज के बोझ में डूब चुकी हैं।

थाने में नहीं दर्ज हुई एफआईआर, पहुंचीं जनदर्शन में कलेक्टर के पास

पीड़ित महिलाओं ने बताया कि वे 19 सितंबर 2024 को डौंडी थाने शिकायत लेकर पहुंची थीं, लेकिन तत्कालीन थाना प्रभारी ने मामले को आपसी लेन-देन बताकर रिपोर्ट दर्ज करने से इनकार कर दिया और कोर्ट जाने की सलाह दी। इसके बाद अब महिलाएं मंगलवार को जनदर्शन में कलेक्टर से मिलने पहुंचीं। उन्होंने एक आवेदन सौंपते हुए दोनों आरोपी महिलाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

हर महीने चुकानी पड़ रही है 52 हजार की किश्त

ग्रामीण महिलाओं का आरोप है कि आरोपी महिलाओं ने लोन की किश्तें खुद भरने का झांसा दिया था और इसके लिए ₹50 के स्टाम्प पेपर पर शपथ पत्र भी दिया गया था। मगर बाद में दोनों मुकर गईं। अब बगैर किसी गलती के, समूह की बाकी महिलाओं को हर माह ₹52,000 की किश्त चुकानी पड़ रही है। इसकी भरपाई के लिए उन्हें अपने घर का चावल, धान और यहां तक कि जेवर भी बेचना पड़ रहा है।

घर-घर में तनाव, बढ़ रही घरेलू कलह

इस कर्ज की वजह से अब कई घरों में तनाव का माहौल बन गया है। महिलाओं ने बताया कि गाली-गलौज और मारपीट जैसी घटनाएं भी हो रही हैं। वे कहती हैं कि अगर जल्द उन्हें न्याय नहीं मिला, तो हालात और बिगड़ सकते हैं। जनदर्शन में चंद्रिका बाई, लता बाई, लक्ष्मी बाई, टिकेश्वरी, ललिता, कमिता, खोमिन, सुनोतिन, सुशील बाई समेत कई महिलाएं अपनी शिकायत लेकर पहुंचीं।

मांग – आरोपियों के खिलाफ हो कठोर कार्रवाई और दिलाया जाए न्याय