राजनांदगांव जिले में कोरोना संक्रमण के दो और नए मामले सामने आए हैं। दोनों संक्रमित महिलाएं पहले से ही पॉजिटिव पाई गई एक महिला की रिश्तेदार हैं, जिन्हें फिलहाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल के कोविड वार्ड में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों मरीजों की हालत स्थिर है और किसी गंभीर लक्षण की पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि सबसे पहले संक्रमित पाई गई महिला को मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय संबंधी समस्याएं पहले से ही हैं।
इन दो नए मामलों के साथ जिले में अब तक कुल 9 कोरोना संक्रमित सामने आ चुके हैं। वर्तमान में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कुल 3 एक्टिव केस हैं।
स्वास्थ्य विभाग की जानकारी के अनुसार, इससे पहले जिले में जिन मरीजों की पुष्टि हुई थी, उन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया था और अब वे सभी पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं।
हालांकि, संक्रमण की शुरुआत में दो बुजुर्ग मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। इनमें से एक की मृत्यु रायपुर के अस्पताल में हुई थी, जबकि दूसरे बुजुर्ग, जो कन्हारपुरी क्षेत्र के निवासी थे, ने मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया था।