Home Chhattisgarh news Balod news नेटवर्क मार्केटिंग में नुकसान हुआ, युवती ने तांदुला जलाशय में लगाई छलांग, ग्रामीणों ने बचाई जान

नेटवर्क मार्केटिंग में नुकसान हुआ, युवती ने तांदुला जलाशय में लगाई छलांग, ग्रामीणों ने बचाई जान

0
नेटवर्क मार्केटिंग में नुकसान हुआ, युवती ने तांदुला जलाशय में लगाई छलांग, ग्रामीणों ने बचाई जान

बालोद जिले के तांदुला जलाशय में गुरुवार शाम एक बड़ी घटना टल गई, जब एक 19 वर्षीय युवती ने आत्महत्या करने के इरादे से जलाशय में छलांग लगा दी। यह घटना ग्राम देवतराई के पास की है।

युवती को डूबते हुए देखकर वहीं मछली पकड़ रहे और बकरी चरा रहे ग्रामीण युवक – रुस्तम, हेमू और बिट्टू – तुरंत हरकत में आए और जलाशय में कूदकर उसे बाहर निकाला। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने मौके पर पुलिस टीम भेजी और युवती को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

पूछताछ में युवती ने बताया कि वह नेटवर्क मार्केटिंग से जुड़ी हुई थी और उसने इसमें 15 हजार रुपये का निवेश किया था, जो पूरी तरह डूब गया। यह रकम उसके माता-पिता की मेहनत की कमाई थी, जिसके नुकसान से वह मानसिक रूप से टूट गई और आत्महत्या जैसा कदम उठाने की कोशिश की।

युवती ने बताया कि वह सुबह 11 बजे घर से निकली थी और कई घंटों पैदल चलने के बाद शाम करीब 4 बजे तांदुला जलाशय पहुंची थी, जहां उसने छलांग लगाकर जीवन समाप्त करने का प्रयास किया। गनीमत रही कि समय रहते लोगों ने उसकी जान बचा ली।