दुर्ग जिले में मोबाइल लूट का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। अब पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू, पेचकस, लूटा गया मोबाइल, नकद पैसे और स्कॉर्पियो कार बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, जंजगिरी गांव के निवासी राजकुमार यादव (20) को 3 जुलाई की रात उतई के डूंडेरा-मोरीद मेन रोड के पास कुछ अज्ञात युवकों ने घेर लिया था। उन्होंने उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की और विरोध करने पर उस पर चाकू और पेचकस से कई वार किए। घायलावस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
तफ्तीश में पुलिस ने करीब 150 सीसीटीवी फुटेज और 1500 मोबाइल नंबर खंगाले। जांच में यह बात सामने आई कि आरोपियों ने पहले भी कुछ राहगीरों को लूटने की कोशिश की थी। एक चश्मदीद ने बताया कि उसे भी स्कॉर्पियो सवार युवकों ने पीछा किया था।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में लोकेश सारथी, राज किशोर, आकाश देवार, महाराज देवार और नाबालिग शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म स्वीकार किया और बताया कि राजकुमार मोबाइल पर बात कर रहा था, तभी उन्होंने लूटपाट की कोशिश की। विरोध करने पर उसे बेरहमी से पीटा और चाकू- पेचकस से वार किए।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की हिस्ट्री शीट तैयार की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।