पंजाब के लुधियाना शहर में फिरोजपुर रोड पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब दो युवक एक बोरी में युवती की लाश डालकर सड़क किनारे डिवाइडर पर फेंककर फरार हो गए। यह पूरी घटना आरती चौक के पास हुई, जहां एक रेहड़ी संचालक की सतर्कता ने मामले को उजागर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शी जीवन नामक रेहड़ी वाले ने बताया कि वह नान बना रहा था, तभी दो युवक नीले रंग की बाइक पर वहां पहुंचे और एक बोरी को सड़क किनारे फेंकने लगे। जब लोगों ने उनसे पूछा तो उन्होंने जवाब दिया कि बोरी में खराब आम हैं। शक होने पर जब बोरी खोली गई तो उसमें एक युवती की लाश पाई गई।
लोगों ने तत्काल वहां तैनात पुलिसकर्मियों को सूचित किया और आरोपी युवकों का वीडियो भी बना लिया। वीडियो बनाए जाने पर युवकों ने हाथापाई की और मौका देखकर बाइक छोड़कर फरार हो गए।
थाना डिवीजन नंबर 8 के एसआई अमरजीत सिंह के मुताबिक, एक युवक प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड की ड्रेस में था और दोनों प्रवासी प्रतीत हो रहे हैं। पुलिस ने उनकी बाइक जब्त कर ली है और सीसीटीवी व बाइक नंबर के आधार पर जांच जारी है। देर शाम एक आरोपी ने थाने में आत्मसमर्पण कर दिया, जिससे पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस शव की पहचान और हत्याकांड के कारणों की जांच मे जुटी है।