कोरबा, जुलाई 2025।
शहर के टीपी नगर स्थित पॉम मॉल में संचालित वन नाइट क्लब के बाहर सोमवार रात एक बड़ा बवाल हो गया। दो गुटों के बीच झगड़े ने उस वक्त तूल पकड़ लिया जब गाली-गलौज, मारपीट और तोड़फोड़ जैसी घटनाएं सामने आईं। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें युवती पुलिस से बहस करती और मारपीट का आरोप लगाती नजर आ रही है।
स्कूटी सवार युवती ने किया बवाल, युवक को बताया पति
घटना रात करीब 10 बजे की है। एक तरफ स्कूटी सवार एक युवती और उसके साथ एक युवक थे, जिन्हें वह अपना पति बता रही थी। दूसरी ओर एक कार में सवार दो भाई थे। क्लब से बाहर निकलने के बाद चारों नशे की हालत में थे। बाहर आते ही दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

युवती ने पुलिस से की बहस, युवक पर बोतल मारने का आरोप
कार सवार युवक ने आरोप लगाया कि युवती ने उसके सिर पर बीयर की बोतल दे मारी। वहीं, स्कूटी सवार पक्ष की युवती पुलिसकर्मियों से बहस करती रही और खुद को पीड़ित बताती रही। युवती की शराब के नशे में की गई हरकतों का वीडियो भी वायरल हो चुका है।
कार में तोड़फोड़, गाड़ी का शीशा टूटा
विवाद के दौरान कार (थार) के सामने का कांच पूरी तरह टूट गया। घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की। हालांकि दोनों गुट एक-दूसरे पर हमले के आरोप लगाते रहे।
पुलिस जांच में जुटी, FIR के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी पक्ष ने आधिकारिक तौर पर रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही मामले में विधिवत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।
वन नाइट क्लब पर उठ रहे सवाल
यह कोई पहली बार नहीं है जब वन नाइट क्लब के बाहर इस तरह की घटना हुई हो। इससे पहले भी यहां शराब और हंगामे से जुड़ी कई शिकायतें पुलिस के पास पहुंच चुकी हैं। स्थानीय लोगों ने इस क्लब पर नजर रखने और सख्त निगरानी की मांग की है।
