Home Political news BJP news मैनपाट में भाजपा प्रशिक्षण शिविर: जेपी नड्डा ने नेताओं को दी सख्त हिदायत, सीएम ने किया योग अभ्यास

मैनपाट में भाजपा प्रशिक्षण शिविर: जेपी नड्डा ने नेताओं को दी सख्त हिदायत, सीएम ने किया योग अभ्यास

0
मैनपाट में भाजपा प्रशिक्षण शिविर: जेपी नड्डा ने नेताओं को दी सख्त हिदायत, सीएम ने किया योग अभ्यास

सरगुजा/मैनपाट, 9 जुलाई 2025।
छत्तीसगढ़ के मैनपाट में चल रहे भारतीय जनता पार्टी के प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन मंगलवार को सुबह की शुरुआत योग सत्र के साथ हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, संगठन महामंत्री शिवप्रकाश समेत तमाम मंत्री, सांसद और विधायक योग करते नजर आए। योग शिक्षक नेताओं को स्वस्थ रहने के टिप्स दे रहे थे, जिसे सभी नेताओं ने गंभीरता से अपनाया।

इस दौरान मुख्यमंत्री समेत अन्य नेता “फिटनेस और अनुशासन” की मिसाल पेश करते दिखाई दिए। वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आज प्रशिक्षण शिविर में पहुंचने की संभावना है।

नड्डा की ‘क्लास’ में अनुशासन और ज़मीनी जुड़ाव पर ज़ोर

शिविर के पहले दिन सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सभी सांसदों, विधायकों और मंत्रियों से बंद कमरे में विशेष चर्चा की। मोबाइल फोन अंदर ले जाने की अनुमति नहीं थी, जिससे संवाद गोपनीय बना रहे।

सूत्रों के अनुसार, नड्डा ने सभी जनप्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उनका आचरण जनता के बीच विनम्र और सरल होना चाहिए। उन्होंने कहा, “जनता सबसे बड़ी है, इसलिए उनके बीच कभी खुद को बड़ा न समझें।”
इसके साथ ही उन्होंने मीडिया में बोलते समय सावधानी बरतने और पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान देने से बचने की सलाह दी। भ्रष्टाचार से दूर रहने और पूरी पारदर्शिता से काम करने की भी सख्त हिदायत दी गई।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में लगाया पौधा

जेपी नड्डा ने सोमवार को कमलेश्वरपुर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। इसके बाद उन्होंने प्रशिक्षण शिविर का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर सभी नेता पारंपरिक सरगुजिया पगड़ी पहनकर नजर आए, जो क्षेत्रीय संस्कृति से उनका जुड़ाव दिखाता है।

अनुशासन में दिखे नेता, स्टूडेंट्स जैसी कतार में फोटो सेशन

प्रशिक्षण शिविर के दौरान एक दृश्य ऐसा भी रहा, जब सभी सांसद, मंत्री और विधायक स्कूल के छात्रों की तरह कतार में खड़े होकर ग्रुप फोटो खिंचवाते नजर आए। यह भाजपा के इस प्रशिक्षण शिविर के अनुशासित माहौल को दर्शाता है।

शिविर की शुरुआत में सभी नेताओं ने आम, सिंदूर और रुद्राक्ष जैसे पौधों का रोपण भी किया।

समापन समारोह में अमित शाह होंगे शामिल

9 जुलाई को इस प्रशिक्षण शिविर का समापन होगा, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे। समापन सत्र में वे सभी जनप्रतिनिधियों को जनता से जुड़ाव और जनसेवा के बेहतर तरीके सिखाएंगे। महापौरों को भी इस दिन प्रशिक्षण दिया जाएगा।