खरसिया, रायगढ़।
छत्तीसगढ़ के खरसिया क्षेत्र के ग्राम तुरेकेला में एक छठी कार्यक्रम के दौरान मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। 3 जुलाई की रात को हुए इस कार्यक्रम में 17 वर्षीय अर्जुन खड़िया ने गुस्से में आकर 65 वर्षीय केन्दाराम खड़िया की तलवार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
विवाद से हत्या तक का सिलसिला
जानकारी के अनुसार, गांव के ही संपत खड़िया के घर में छठी का आयोजन चल रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। रात करीब सात बजे अर्जुन खड़िया और जगन्नाथ खड़िया के बीच मज़ाक-मज़ाक में कहासुनी हो गई। मौके पर मौजूद केन्दाराम समेत अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कर दिया।
गुस्से में लौटकर किया हमला
बताया गया कि अर्जुन घटना के बाद वहां से गुस्से में चला गया, लेकिन थोड़ी देर बाद हाथ में तलवार लेकर वापस लौट आया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों को डराने-धमकाने लगा। केन्दाराम ने एक बार फिर उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन अर्जुन नहीं माना।
कुछ देर बाद जब केन्दाराम बाहर पेशाब करने निकले, तभी अर्जुन ने पीछे से उन पर तलवार से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से केन्दाराम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अर्जुन मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही खरसिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की बेटी सुकवारा बाई खड़िया की शिकायत पर आरोपी अर्जुन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल की गई तलवार भी बरामद कर ली गई है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।