Home Chhattisgarh news छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराध पर चिंता: स्कूटर सवार युवक की चाकू मारकर हत्या, इलाके में फैली दहशत

छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराध पर चिंता: स्कूटर सवार युवक की चाकू मारकर हत्या, इलाके में फैली दहशत

0
छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराध पर चिंता: स्कूटर सवार युवक की चाकू मारकर हत्या, इलाके में फैली दहशत

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के अंतर्गत आने वाले उतई थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, राजकुमार यादव (30) नामक युवक जब स्कूटर से चंद्राकर फार्म हाउस से लौट रहा था, तभी रास्ते में मोरीद और डूंडेरा गांव के बीच कुछ अज्ञात बदमाशों ने उसकी स्कूटी को रोक लिया और धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया।

राजकुमार हमले से खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन हमलावरों ने उसके सीने पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक सड़क किनारे गिर पड़ा और खून से लथपथ हालत में तड़पता रहा। स्थानीय ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी, जिन्होंने तत्काल 108 एंबुलेंस बुलाकर उसे उतई अस्पताल पहुंचाया। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

पाटन एसडीओपी अनूप लकड़ा ने बताया कि युवक के शरीर पर दो से तीन धारदार वार के निशान मिले हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की तलाश जारी है।

इसी प्रकार की एक अन्य घटना बेमेतरा जिले में सामने आई, जहां पति और उसके दो साथियों ने पत्नी और उसके पिता पर चाकू से हमला कर दिया। रामशरण शुक्ला (70) और उनकी बेटी ममता शर्मा (38) को मोहभट्ठा मार्ग पर रोका गया और चाकू मारकर घायल किया गया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि पति-पत्नी के बीच पुराना विवाद चल रहा था।

रायपुर में भी हत्या की एक सनसनीखेज वारदात घटी, जहां एक नाबालिग लड़के ने अपने मामा की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। यह घटना नवापारा बस स्टैंड की है। मृतक राजा कोसरे (30) का किसी बात पर भांजे से विवाद हो गया, जो देखते ही देखते जानलेवा झगड़े में बदल गया। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

इन लगातार हो रही घटनाओं ने प्रदेश में बढ़ते अपराध पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम लोगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर चिंतन की जरूरत है।