छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल प्रभावित इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। खुफिया इनपुट के आधार पर शुक्रवार को इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
सर्चिंग के दौरान सुरक्षाबलों की नक्सलियों से आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में अब तक एक नक्सली के मारे जाने की पुष्टि हुई है। मौके से हथियार भी जब्त किए गए हैं। जवान पूरी मुस्तैदी के साथ क्षेत्र में डटे हुए हैं और ऑपरेशन अभी भी जारी है।
गोपनीय रखी जा रही जानकारी
सुरक्षा एजेंसियों ने फिलहाल ऑपरेशन से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान के पूरा होने के बाद ही मुठभेड़ की पूरी जानकारी साझा की जाएगी, ताकि सुरक्षा में कोई चूक न हो।
इलाके में बढ़ी चौकसी
Bijapur-Dantewada Border Operation: मुठभेड़ के बाद से इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। संवेदनशील माने जाने वाले इंद्रावती नेशनल पार्क क्षेत्र में कार्रवाई करना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहता है, लेकिन सुरक्षाबल पूरी सतर्कता के साथ मोर्चा संभाले हुए हैं।