कोरबा जिले की एसईसीएल (SECL) की गेवरा खदान में ठेका कर्मचारियों के लिए दोपहिया वाहन लेकर खदान में प्रवेश करने पर रोक लगाए जाने से गुरुवार रात भारी अव्यवस्था देखने को मिली। श्रमिक चौक स्थित गेवरा चेकपोस्ट पर जब अचानक सीआईएसएफ (CISF) के जवानों ने बाइक समेत श्रमिकों को भीतर जाने से रोका, तो वहां लंबा जाम लग गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रबंधन द्वारा करीब एक सप्ताह पहले ही सभी निजी कंपनियों को निर्देश दिए गए थे कि खदान क्षेत्र में दोपहिया वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसी आदेश को लागू करते हुए सीआईएसएफ के जवानों ने बाइक सवार ठेका श्रमिकों को खदान में प्रवेश करने से रोक दिया।
इस निर्णय से अनजान श्रमिक बाइक के साथ चेकपोस्ट पर पहुंचते रहे, जिससे गेट के पास वाहनों की लंबी लाइन लग गई। अचानक हुए इस बदलाव को लेकर श्रमिकों में नाराजगी दिखी। उनका कहना है कि उन्हें इस प्रतिबंध की कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस स्थिति से खदान परिसर में यातायात भी बाधित हुआ और कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी पहुंचने में दिक्कतें आईं। वहीं, प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों पर अचानक फैसले के अमल को लेकर सवाल उठने लगे हैं।