Home Chhattisgarh news डिजिटल अरेस्ट का शिकार बनी बुजुर्ग महिला, 22 लाख की ठगी का मामला दर्ज

डिजिटल अरेस्ट का शिकार बनी बुजुर्ग महिला, 22 लाख की ठगी का मामला दर्ज

0
डिजिटल अरेस्ट का शिकार बनी बुजुर्ग महिला, 22 लाख की ठगी का मामला दर्ज

दुर्ग शहर के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में एक 79 वर्षीय बुजुर्ग महिला से 22 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर एक अज्ञात कॉलर ने उन्हें धमकाया और भयभीत कर फिक्स डिपॉजिट तुड़वाकर बड़ी रकम ट्रांसफर करवा ली। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, न्यू आदर्श नगर निवासी सुभाषिनी जैम्स को 1 जुलाई 2025 की सुबह व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई पुलिस का अधिकारी बताया और आरोप लगाया कि उनके बैंक खाते में आधार कार्ड का दुरुपयोग करते हुए 6 करोड़ 80 लाख रुपये की हवाला राशि डाली गई है। साथ ही गिरफ्तारी की धमकी भी दी गई।

डरी-सहमी महिला ने जब असमर्थता जताई कि वह मुंबई नहीं जा सकती, तो वीडियो कॉल पर एक व्यक्ति को पुलिस की वर्दी में दिखाया गया। उसने मदद का भरोसा दिलाते हुए पूछा कि उनका फिक्स डिपॉजिट किस बैंक में है। सुभाषिनी ने बताया कि उनकी एफडी इंडिया पोस्ट बैंक में है।

इसके बाद कथित अधिकारी ने उनसे फिक्स डिपॉजिट तुड़वाकर एक बैंक खाते में रकम ट्रांसफर करने को कहा और भरोसा दिलाया कि जांच पूरी होते ही 24 घंटे के भीतर पैसे लौटा दिए जाएंगे। साथ ही सरकार की ओर से नुकसान की भरपाई का भी झांसा दिया गया।

आरोपी ने उन्हें राजस्थान के अजमेर जिले के ब्यावर स्थित एक खाते की जानकारी दी, जिसमें खाता धारक का नाम अजय जुनवई और बैंक ब्रांच का नाम व IFSC कोड भी बताया गया। डर के मारे बुजुर्ग महिला ने उसी दिन दोपहर करीब 3:30 बजे इंडिया पोस्ट बैंक की मुख्य शाखा जाकर अपनी एफडी तुड़वाई और दो बार में कुल 22 लाख रुपये आरटीजीएस के जरिए ट्रांसफर कर दिए।

3 जुलाई को फिर से ठगों ने उनसे संपर्क कर और पैसे मांगे, जिससे उन्हें ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद वे तत्काल पद्मनाभपुर थाने पहुंचीं और मामले की शिकायत दर्ज कराई।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है।