दर्री तालाब की बदहाल स्थिति: निगम और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी से आक्रोशित ग्रामीण
रायपुर। बिरगांव नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अछोली गांव स्थित दर्री तालाब की स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है। तालाब के चारों ओर गंदगी का अंबार लगा है और पानी पूरी तरह हरा पड़ चुका है। गांव के लोगों का कहना है कि नगर निगम इस ओर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रही है।
स्थानीय विधायक मोतीलाल साहू ने भी छह महीने पहले तालाब की सफाई कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, नगर निगम पार्षद राजवती निषाद पर भी लोगों ने उदासीनता का आरोप लगाया है।

दरअसल, गांव के लगभग सभी लोग इसी तालाब में स्नान करते हैं। लेकिन तालाब में आसपास के सभी घरों का गंदा पानी, नालियों का मल-मूत्र और कचरा जाकर मिलता है, जिससे तालाब की हालत बेहद खराब हो गई है। लगातार गंदगी के कारण बीमारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
तालाब के किनारे लाइट लगाने के लिए छह महीने पहले ही खंभे लगाने की तैयारी कर ली गई थी, लेकिन आज तक वहां न पोल लगे हैं, न ही लाइट। ऐसे में रात के समय अंधेरे की समस्या बनी रहती है।

ग्रामीणों का कहना है कि अछोली गांव भले ही बिरगांव नगर निगम के अंतर्गत आता हो, लेकिन यहां बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। निगम और जनप्रतिनिधियों की लगातार अनदेखी से लोगों में नाराजगी और चिंता दोनों गहराती जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द तालाब की सफाई, नाली की निकासी व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि गांव की जनता को राहत मिल सके।