छत्तीसगढ़ के सारागांव में सड़क किनारे अतिक्रमण कर जाम की समस्या को बढ़ाने वाले दुकानदारों पर अब कड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। पंचायत और पुलिस प्रशासन ने एक सप्ताह पहले इन दुकानदारों को नोटिस देकर सड़कों से दुकान हटाने का निर्देश दिया था, लेकिन अंतिम दिन बीतने के बावजूद कुछ दुकानदार नियमों की अवहेलना करते हुए डंके की चोट पर दुकानदारी में जुटे हुए हैं।
कई दुकानदारों ने किया सहयोग, कुछ अब भी अड़े
नोटिस मिलने के बाद अधिकांश व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपना सामान समेटना शुरू कर दिया था। कई लोग खुद ही अपने ठेले, छपरी और नेम बोर्ड हटा रहे थे। स्थानीय लोगों और अन्य व्यापारियों ने भी पंचायत के इस निर्णय का स्वागत किया और सहयोग भी किया। मगर कुछ गिने-चुने दुकानदार अभी भी सड़क किनारे दुकान फैलाकर व्यापार कर रहे हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है।
हाईस्कूल के पास हालात ज्यादा खराब
हाईस्कूल क्षेत्र में सड़क किनारे बेतरतीब खड़ी गाड़ियाँ और दुकानों के कारण यातायात बाधित हो रहा है। यह मार्ग रायपुर-बलौदाबाजार नेशनल हाईवे से जुड़ा है, जिससे भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में आए दिन यहां सड़क हादसे हो रहे हैं।
सरपंच ने दी चेतावनी
ग्राम पंचायत सारागांव के सरपंच धन्ना धीवर ने बताया कि जिन लोगों ने अब तक दुकानें नहीं हटाई हैं, उन्हें अंतिम बार दोबारा नोटिस देकर समझाइश दी जाएगी। अगर इसके बाद भी वे नहीं माने, तो नियमों के तहत सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना होगा कि पंचायत कब इन नियम तोड़ने वालों पर बुलडोजर चलवाती है या कोई और कठोर कदम उठाती है। आमजन उम्मीद कर रहा है कि अतिक्रमण से जल्द राहत मिलेगी और सड़कों पर यातायात सुगम होगा।