Home Chhattisgarh news प्रदेश में 34 लाख से अधिक लोगों के राशन कार्ड होंगे ब्लॉक, ई-केवाईसी की अंतिम तिथि समाप्त

प्रदेश में 34 लाख से अधिक लोगों के राशन कार्ड होंगे ब्लॉक, ई-केवाईसी की अंतिम तिथि समाप्त

0
प्रदेश में 34 लाख से अधिक लोगों के राशन कार्ड होंगे ब्लॉक, ई-केवाईसी की अंतिम तिथि समाप्त

छत्तीसगढ़ में 34 लाख से अधिक लोगों के राशन कार्ड अब सिस्टम में स्वतः ब्लॉक हो जाएंगे, क्योंकि कार्डधारकों के लिए ई-केवाईसी की अंतिम तिथि 30 जून तय की गई थी। केंद्र सरकार के निर्देश पर उचित मूल्य की दुकानों से राशन प्राप्त करने के लिए राशन कार्ड से जुड़े प्रत्येक सदस्य को ई-केवाईसी कराना जरूरी था। हालांकि इस तिथि को बढ़ाने को लेकर अब तक कोई नई सूचना जारी नहीं हुई है।

राज्य में फिलहाल 81 लाख 63 हजार से अधिक राशन कार्ड सक्रिय हैं, जिनमें लगभग 2 करोड़ 74 लाख लोग पंजीकृत हैं। लेकिन अब तक करीब 34 लाख 95 हजार लोगों ने अपनी ई-केवाईसी नहीं कराई है। ऐसे सभी सदस्यों को अब अपात्र मानते हुए उनके कार्ड अस्थायी रूप से ब्लॉक कर दिए जाएंगे। ब्लॉक होने के बाद केवल उन्हीं लोगों को राशन मिलेगा, जिन्होंने समय पर ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर ली है।

ई-केवाईसी प्रक्रिया के माध्यम से लाभार्थियों की पहचान आधार से जुड़े मोबाइल नंबर और फेस वेरीफिकेशन के जरिए की जाती है। इसका मकसद फर्जी, मृत या डुप्लिकेट कार्डधारकों को सिस्टम से बाहर करना है, ताकि केवल सही और पात्र व्यक्ति ही सरकारी योजनाओं का लाभ ले सकें।

हालांकि यदि सरकार द्वारा डेट आगे बढ़ाई जाती है, तो लोग घर बैठे भी “मेरा ई-केवाइसी राशन कार्ड” मोबाइल एप के माध्यम से यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इस एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। एप में राज्य, आधार नंबर और ओटीपी डालने के बाद चेहरा सत्यापित करते ही ई-केवाईसी पूरी हो जाती है।