कोलकाता के एक प्रतिष्ठित लॉ कॉलेज में 24 वर्षीय छात्रा के साथ हुए कथित गैंगरेप के मामले ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। छात्रा की शिकायत के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले की तहकीकात शुरू कर दी है।
ताजा जानकारी के अनुसार, जांच अधिकारियों ने क्राइम सीन को रीक्रिएट किया है, ताकि घटना की सटीकता का पता लगाया जा सके। साथ ही, पीड़िता का विस्तृत बयान भी दर्ज किया गया है।
पुलिस के हाथ लगे सीसीटीवी फुटेज में छात्रा, तीनों आरोपियों और एक सुरक्षा गार्ड की गतिविधियां साफ देखी जा सकती हैं। ये फुटेज पीड़िता के दावों को काफी हद तक पुष्टि करते हैं।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे हॉकी स्टिक दिखाकर धमकाया और तीन अलग-अलग कमरों में उसके साथ जबरदस्ती की। पुलिस को इन कमरों में संघर्ष के संकेत भी मिले हैं, जो आरोपों को बल देते हैं।
आजतक को मिली एक्सक्लूसिव मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक, छात्रा की गर्दन पर खरोंच और छाती पर चोट के निशान पाए गए हैं, जो शारीरिक प्रताड़ना की पुष्टि करते हैं।
इतना ही नहीं, पीड़िता ने यह भी खुलासा किया है कि आरोपियों ने उसे जान से मारने और उसके प्रेमी की हत्या करने की धमकी दी थी, अगर उसने घटना के बारे में किसी को भी बताया।
फिलहाल, पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश जारी है। मामला संवेदनशील होने के चलते उच्चस्तरीय निगरानी में रखा गया है।