Home Chhattisgarh news छत्तीसगढ़ के दुर्ग में बनेगा नया इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, बीसीसीआई को 33 साल की लीज पर सौंपी जाएगी जमीन

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में बनेगा नया इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, बीसीसीआई को 33 साल की लीज पर सौंपी जाएगी जमीन

0
छत्तीसगढ़ के दुर्ग में बनेगा नया इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, बीसीसीआई को 33 साल की लीज पर सौंपी जाएगी जमीन

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अंतरराष्ट्रीय स्तर का एक और क्रिकेट स्टेडियम तैयार होने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। रविशंकर स्टेडियम को इंटरनेशनल स्टैंडर्ड के मुताबिक विकसित करने के प्रस्ताव को राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है। पहले ही जिला प्रशासन की सहमति के बाद अब बीसीसीआई को 33 वर्षों के लिए लीज पर जमीन देने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए कलेक्टर द्वारा संबंधित फाइल राज्य शासन को भेज दी गई है।

22 एकड़ जमीन पर होगा नया निर्माण

रविशंकर स्टेडियम और इसके आसपास की कुल 22 एकड़ जमीन बीसीसीआई को दी जाएगी। इस भूमि पर बीसीसीआई खुद स्टेडियम और अन्य आवश्यक ढांचों का निर्माण करेगा। मौजूदा स्टेडियम करीब 45 साल पुराना है और इसकी हालत जर्जर हो चुकी है, जिससे बड़े खेल आयोजनों के लिए यह अनुपयुक्त बन गया है। बीसीसीआई यहां पुराने ढांचों को हटाकर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया स्टेडियम तैयार करेगा।

क्यों दिखा बीसीसीआई का रुचि

रायपुर स्थित परसदा स्टेडियम में पहले से अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल मुकाबले हो रहे हैं, लेकिन वह स्टेडियम राज्य सरकार का है, जिससे बीसीसीआई को हर बार सरकार पर निर्भर रहना पड़ता है। दुर्ग में बीसीसीआई खुद निर्माण करेगा, जिससे उसकी निर्भरता खत्म हो जाएगी और उसे स्वतंत्र रूप से संचालन की सुविधा मिलेगी।

राजीव शुक्ला की सीएम से मुलाकात

बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला हाल ही में रायपुर आए थे और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर इस प्रोजेक्ट पर चर्चा की। उन्होंने स्टेडियम हस्तांतरण में तेजी लाने की मांग की, जिस पर मुख्यमंत्री ने सहमति जताते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए।

कायाकल्प की योजना

हालांकि अभी विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार नहीं हुआ है, लेकिन स्टेडियम परिसर में क्रिकेट के साथ-साथ अन्य खेलों के लिए भी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसमें बीसीसीआई कार्यालय, प्रवेश द्वार, हॉस्टल, अभ्यास क्षेत्र, बास्केटबॉल, बैडमिंटन जैसे खेलों के लिए भी स्थान तय किया जाएगा। इसका लाभ जिले के युवा खिलाड़ियों को मिलेगा।

विधायक गजेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंजूरी मिलने के बाद अब स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप संवारे जाने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। उम्मीद है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य जल्द शुरू हो जाएगा।