बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित अटल आवास बहतराई में शुक्रवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका और उसकी दो बहनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में तीनों युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह घटना रात लगभग 9 बजे की है। अटल आवास के डी ब्लॉक से अचानक तेज चीख-पुकार की आवाजें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि उर्मिला श्रीवास, रानी श्रीवास और सुनीता श्रीवास खून से लथपथ घायल अवस्था में तड़प रही थीं। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
घायलों में से एक, उर्मिला ने बताया कि आरोपी अमन पटेल उर्फ भोलू, निवासी ग्राम अरदा (कोरबा), ने उस पर लोहे के चापड़ से हमला किया। उर्मिला के मुताबिक, अमन ने प्रेम संबंध को लेकर कहा – “अगर मेरी नहीं होगी तो किसी की नहीं होने दूंगा।” जब उसकी बहनें रानी और सुनीता बीच-बचाव करने आईं, तो उन पर भी हमला कर दिया गया।
पुलिस को दी गई शिकायत के आधार पर शनिवार को सरकंडा पुलिस ने अमन पटेल और उसके साथी अमित कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में अमन ने कबूल किया कि उसे शक था कि उर्मिला का किसी और युवक से संबंध है। इसी शक में उसने हत्या की योजना बनाई और अपने दोस्त के साथ बाइक से अटल आवास पहुंचा।
हमले के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिन्हें बाद में पुलिस ने पकड़ लिया। उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।