Home Chhattisgarh news राजधानी में लगातार बारिश का सिलसिला जारी, मौसम विभाग ने फिर जताई तेज बारिश की संभावना

राजधानी में लगातार बारिश का सिलसिला जारी, मौसम विभाग ने फिर जताई तेज बारिश की संभावना

0
राजधानी में लगातार बारिश का सिलसिला जारी, मौसम विभाग ने फिर जताई तेज बारिश की संभावना

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मानसून सक्रिय बना हुआ है। बीते 24 घंटों में शहर में करीब 25 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार रात से लेकर शनिवार सुबह तक लगातार बारिश हुई, जबकि शाम के समय भी हल्की बूंदाबांदी होती रही। बारिश के चलते अधिकतम तापमान घटकर 30 डिग्री सेल्सियस तक आ गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश में 30 जून से फिर बढ़ेगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 29 जून को कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना है। इसके बाद 30 जून से एक बार फिर पूरे छत्तीसगढ़ में बारिश की रफ्तार तेज हो सकती है। बीते 24 घंटे में बलौदा और सोनाखान में सबसे ज्यादा बारिश हुई, जहां क्रमशः 9 और 8 सेंटीमीटर पानी बरसा। तिल्दा में 5 सेमी, जबकि माना, धरसींवा, बोरई, खरोरा और खैरागढ़ में 4-4 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा, कई अन्य स्थानों पर भी 1 से 3 सेमी तक वर्षा हुई।

अब तक सामान्य से 25% कम बारिश

राज्यभर में अब तक औसत से 25 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। जहां इस समय तक औसतन 172.5 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, वहीं अब तक केवल 128.9 मिमी ही वर्षा हुई है। रायपुर जिले में अब तक 104.8 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 29 प्रतिशत कम है। इस क्षेत्र में इस समय तक 147.6 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी। प्रदेश में सर्वाधिक बारिश बलरामपुर और कोरिया जिलों में दर्ज की गई है, जबकि राजनांदगांव, सुकमा और धमतरी जिलों में अब तक सबसे कम बारिश हुई है।