Home Chhattisgarh news मुख्यमंत्री साय ने एग्री-हॉर्टी एक्सपो का वर्चुअल शुभारंभ किया, बोले- किसानों की समृद्धि है सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री साय ने एग्री-हॉर्टी एक्सपो का वर्चुअल शुभारंभ किया, बोले- किसानों की समृद्धि है सरकार की प्राथमिकता

0
मुख्यमंत्री साय ने एग्री-हॉर्टी एक्सपो का वर्चुअल शुभारंभ किया, बोले- किसानों की समृद्धि है सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को कृषि क्रांति अभियान के तहत जशपुर जिले में आयोजित एग्री-हॉर्टी एक्सपो एवं क्रेता-विक्रेता सम्मेलन का वर्चुअल शुभारंभ किया। यह दो दिवसीय आयोजन जिला पंचायत परिसर में हो रहा है, जिसमें देश की नामचीन कृषि कंपनियां जैसे जियो मार्ट रिटेल, देहात, हॉनेस्ट फॉर्म, आत्माकुर, धरागरी, और अवनी आयुर्वेदा भाग ले रही हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसानों की उपज को एफपीओ (किसान उत्पादक संगठन) के माध्यम से सीधे बाजार से जोड़ने का यह एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी और किसानों को उनकी मेहनत का पूरा मूल्य मिलेगा।

उन्होंने बताया कि कटहल, आम, लीची, नाशपाती और अब सेब जैसी फसलों की भरपूर पैदावार वाले जशपुर में यह आयोजन कृषि विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। किसानों और कंपनियों के बीच सीधे अनुबंध से पारदर्शिता बढ़ेगी और उत्पाद का मूल्य बेहतर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने सॉइल हेल्थ कार्ड की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला, जिससे किसानों को यह जानकारी मिल सके कि उनकी भूमि पर कौन-सी फसल ज्यादा उपज दे सकती है और किस अनुपात में खाद की जरूरत है। उन्होंने राज्य में पशुपालन, मछली पालन और डेयरी विकास को भी कृषि के पूरक के रूप में प्रोत्साहित करने की बात कही। जशपुर को डेयरी विकास योजना के पायलट जिलों में शामिल किया गया है।

इस वर्चुअल कार्यक्रम में रायगढ़ से सांसद राधेश्याम राठिया, विधायक रायमुनी भगत और जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय भी शामिल हुए। सभी वक्ताओं ने इस आयोजन को किसानों के लिए लाभकारी बताते हुए जल संरक्षण, कृषि नवाचार और फसल विविधीकरण पर जोर दिया।

जिले के कलेक्टर रोहित व्यास ने एक्सपो की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे किसानों को आधुनिक तकनीकों, बेहतर बीज और बाजार की जानकारी मिलेगी। वहीं जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार ने एक वीडियो प्रजेंटेशन के माध्यम से सम्मेलन के तहत होने वाली गतिविधियों की जानकारी साझा की।

इस अवसर पर आईजी दीपक कुमार झा, एसपी शशि मोहन सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत और अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।