छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में दो अलग-अलग घरेलू हिंसा के मामले सामने आए हैं। एक घटना में पत्नी ने पति को दूसरी युवती से मोबाइल पर बात करते पकड़ लिया, विरोध करने पर पति ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। दूसरी घटना में एक शराबी युवक ने मोबाइल न देने पर अपनी ही मां को पीट डाला।
पति की हरकत पर विरोध करना पड़ा भारी, पत्नी पहुंची मायके
सरकंडा थाना क्षेत्र के ग्राम लगरा की रहने वाली 20 वर्षीय शारदा केवट ने अपने पति जलेश्वर केवट के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज कराया है। शारदा की शादी अप्रैल 2024 में हुई थी और उसका एक पांच महीने का बेटा भी है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पति लगातार किसी अन्य युवती से मोबाइल पर बात करता है। मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे जब उसने फिर एक बार पति को ऐसा करते देखा और विरोध किया, तो पति ने गाली-गलौज कर उसकी पिटाई कर दी। बात इतनी बढ़ गई कि उसने शारदा का गला दबाकर जान से मारने की भी कोशिश की।
किसी तरह बचकर निकली शारदा अपने गांव में मामा के घर पहुंची और वहां से अपने मायके, ग्राम जाली (रतनपुर), चली गई। महिला ने रतनपुर थाने में शिकायत दी, जहां पुलिस ने ‘ज़ीरो एफआईआर’ दर्ज कर केस को सरकंडा थाना भेज दिया है।
नया मोबाइल न दिलाने पर बेटे ने मां को पीटा
एक दूसरी घटना कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम पीपरतराई की है, जहां एक शराबी बेटे ने अपनी मां की पिटाई कर दी। पीड़िता मीना बाई यादव (42 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा नागेश्वर यादव बिलासपुर में कैटरिंग का काम करता है और आए दिन शराब के नशे में घर आता है।
बुधवार को भी वह नशे में धुत होकर घर पहुंचा और अपनी मां से नया मोबाइल फोन दिलाने की मांग करने लगा। जब मां ने मना किया, तो उसने गाली-गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।