छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र में योगा आश्रम के नाम पर नशे का रैकेट चलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रज्ञागिरी पहाड़ी के पास स्थित एक फार्म हाउस में योग शिविर के बहाने गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की सप्लाई की जा रही थी। पुलिस ने फार्म हाउस पर छापा मारते हुए 2 किलो गांजा और नशे से जुड़ी अन्य सामग्रियों को जब्त कर लिया है। मामले में खुद को ‘योग बाबा’ बताने वाले फार्म हाउस संचालक कांती अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया है।
20 साल तक गोवा में चलाता रहा आश्रम
पुलिस पूछताछ में आरोपी कांती अग्रवाल (45 वर्ष) ने बताया कि वह दो दशक तक गोवा में योगा आश्रम चला चुका है। वहां वह विदेशी पर्यटकों को योग सिखाने का दावा करता था। कुछ समय पहले ही वह डोंगरगढ़ लौटकर यहां फार्म हाउस शुरू किया, जिसमें उसने योग कक्षाओं की आड़ में अवैध गतिविधियों को अंजाम देना शुरू कर दिया।
स्थानीय युवाओं और पर्यटकों को करता था नशे की सप्लाई
स्थानीय लोगों के अनुसार, कांती अग्रवाल का फार्म हाउस डोंगरगढ़ के युवाओं और बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए नशे का अड्डा बन गया था। यहां गांजा समेत अन्य मादक पदार्थों की उपलब्धता आम हो गई थी। योग के नाम पर धोखा देकर वह लंबे समय से यह अवैध व्यापार चला रहा था।
पुलिस को मुखबिर से मिली थी सूचना
डोंगरगढ़ पुलिस को एक मुखबिर से सूचना मिली थी कि फार्म हाउस में संदिग्ध गतिविधियां हो रही हैं। इसके बाद टीम गठित कर छापेमारी की गई, जिसमें नशे का सामान बरामद हुआ और आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि मामले की जांच आगे भी जारी रहेगी और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।