Home Chhattisgarh news रिश्वतकांड में फंसे आरआई संदीप सिंह, कलेक्टर ने भेजा डिमोशन का प्रस्ताव

रिश्वतकांड में फंसे आरआई संदीप सिंह, कलेक्टर ने भेजा डिमोशन का प्रस्ताव

0
रिश्वतकांड में फंसे आरआई संदीप सिंह, कलेक्टर ने भेजा डिमोशन का प्रस्ताव

एमसीबी जिले में एक राजस्व निरीक्षक (आरआई) द्वारा रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल होने के मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने आरआई संदीप सिंह के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें पटवारी पद पर पदावनत (डिमोट) करने का प्रस्ताव संचालक भू-अभिलेख रायपुर को भेजा है। यह प्रस्ताव छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण व अपील) नियम 1966 के नियम 10(छ:) के तहत भेजा गया है।

यह मामला वर्ष 2024 का है, जब संदीप सिंह का रिश्वत लेते वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। कलेक्टर कार्यालय की ओर से 22 अगस्त 2024 को इस मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए गए थे, जिसकी जिम्मेदारी अपर कलेक्टर एवं जांच अधिकारी को सौंपी गई थी।

जांच के दौरान संदीप सिंह द्वारा दिए गए जवाब में स्पष्टता नहीं थी। उन्होंने यह कहकर बचाव करने की कोशिश की कि वे माउथ फ्रेशनर मंगवा रहे थे और संभवतः उन्हें खुद के ही पैसे लौटाए गए थे। लेकिन ‘शायद’ जैसे शब्दों का प्रयोग कर वे संदेह के घेरे में आ गए। जांच समिति ने उनके जवाब को असंतोषजनक और गैर-स्वीकार्य माना।

रिपोर्ट में कहा गया कि संदीप सिंह का यह व्यवहार प्रशासन की साख पर सवाल खड़े करता है और उनकी निष्ठा पर भी आंच आती है। कलेक्टर ने इसी आधार पर उनके डिमोशन की सिफारिश की है। फिलहाल संदीप सिंह भरतपुर तहसील में पदस्थ हैं और उन्हें पटवारी के पद पर भेजने का प्रस्ताव आगे भेजा गया है।