रावभाटा मेटल पार्क स्थित महामाया इंस्ट्रूमेंट प्राइवेट लिमिटेड में बुधवार को हुए एक हादसे में 21 वर्षीय युवक हेमंत विश्वकर्मा की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हेमंत वेल्डिंग का काम कर रहा था, तभी उसे विद्युत् झटका लगा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि हेमंत से ओवरटाइम में रात को भी काम करवाया जा रहा था और कंपनी ने सुरक्षा उपकरणों की उचित व्यवस्था नहीं की थी। परिजनों ने यह भी बताया कि हेमंत ने सुरक्षा जूते की जगह सामान्य चप्पल पहन रखी थी, जिससे हादसे का खतरा और बढ़ गया।
घटना के बाद आक्रोशित मोहल्लेवासियों और छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के कार्यकर्ताओं ने कंपनी के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने हेमंत के परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है। हेमंत विवाहित था और उसकी तीन साल की एक बेटी भी है।
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है।
छत्तीसगढ़ क्रांति सेना का कहना है कि “कंपनी की घोर लापरवाही के कारण एक युवक की असमय मौत हो गई है, और हम इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय की मांग करते हैं।”
पुलिस अधिकारियों ने बयान जारी कर कहा, “घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ उचित कदम उठाए जाएंगे।”
इस हादसे ने एक बार फिर से औद्योगिक संस्थानों में श्रमिक सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी को उजागर कर दिया है।