Home Chhattisgarh news रायपुर की बेटियों का बॉलीवुड में जलवा: छोटे शहर से बड़े परदे तक का शानदार सफर

रायपुर की बेटियों का बॉलीवुड में जलवा: छोटे शहर से बड़े परदे तक का शानदार सफर

0
रायपुर की बेटियों का बॉलीवुड में जलवा: छोटे शहर से बड़े परदे तक का शानदार सफर

बॉलीवुड की चकाचौंध से भरी दुनिया में अपनी जगह बनाना आसान नहीं होता, खासकर जब आप किसी छोटे शहर से आते हों। लेकिन रायपुर की तीन होनहार बेटियों – अदिति भतपहरी, अदिति संध्या शर्मा और उन्नति दावड़ा – ने इस चुनौती को न सिर्फ स्वीकारा, बल्कि अपनी मेहनत और प्रतिभा से हिंदी सिनेमा में अपनी खास पहचान भी बनाई।

इंजीनियरिंग, लॉ और ब्यूटी कॉन्टेस्ट्स से होते हुए इन्होंने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा और साबित कर दिया कि रायपुर सिर्फ सांस्कृतिक नहीं, अब अभिनय की उभरती राजधानी भी बनता जा रहा है। इनकी कहानियां उन तमाम लड़कियों के लिए मिसाल हैं जो छोटे शहरों से बड़े सपने लेकर निकलती हैं।

फाइटर की फ्लाइट कैडेट बनीं अदिति संध्या शर्मा

रायपुर के होली क्रॉस स्कूल से पढ़ाई करने वाली और पुणे से लॉ ग्रेजुएट अदिति संध्या शर्मा ने मॉडलिंग और ब्यूटी पेजेंट्स में अपना नाम कमाया। 2023 में फेमिना मिस इंडिया छत्तीसगढ़ की फाइनलिस्ट रहीं और 2024 में ‘फाइटर’ फिल्म के जरिए ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण के साथ बॉलीवुड में डेब्यू किया। इस फिल्म में वे फ्लाइट कैडेट नेहा जोशी के किरदार में नजर आईं। अदिति फिलहाल एक ओटीटी प्रोजेक्ट पर काम कर रही हैं।

‘हमारे बारह’ की मजबूत बेटी बनीं अदिति भतपहरी

इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद अभिनय की ओर रुख करने वाली अदिति भतपहरी ने सामाजिक मुद्दे पर बनी फिल्म हमारे बारह में ‘अल्फिया’ का मुख्य किरदार निभाया। फिल्म में उन्होंने एक साहसी बेटी की भूमिका अदा की, जो अपनी मां और बहनों के हक के लिए आवाज उठाती है। अदिति के मुताबिक, वे कुछ और फिल्मों के लिए बातचीत कर रही हैं जो जल्द फाइनल होंगी।

मणिकर्णिका की मुंडार बनीं उन्नति दावड़ा

2010 में फेमिना मिस इंडिया ईस्ट का खिताब जीत चुकीं उन्नति दावड़ा भी रायपुर की ही बेटी हैं। उन्होंने 2019 की ऐतिहासिक फिल्म मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी में ‘मुंडार’ का दमदार किरदार निभाया। उन्नति ने ब्यूटी पेजेंट्स, फैशन शोज, बंगाली-पंजाबी फिल्मों और टीवी शो डर सबको लगता है (2016) में भी काम किया है।

इन तीनों ने दिखा दिया कि हुनर और आत्मविश्वास हो, तो कोई मंज़िल दूर नहीं। रायपुर की ये बेटियां अब मायानगरी में चमकते सितारे बन चुकी हैं।