Home Chhattisgarh news Birgaon news बिरगांव : नाले की सफाई महीनों से बंद, बदबू और बीमारी से लोग परेशान

बिरगांव : नाले की सफाई महीनों से बंद, बदबू और बीमारी से लोग परेशान

0
बिरगांव : नाले की सफाई महीनों से बंद, बदबू और बीमारी से लोग परेशान

बिरगांव। क्षेत्र में फैली गंदगी और नालों की बदहाल स्थिति से आम जनता त्राहिमाम कर रही है। जानकारी के अनुसार, बिरगांव के मुख्य नाले की सफाई कई महीनों से नहीं हुई है, जिसके चलते नाले में भारी मात्रा में कचरा और गंदा पानी जमा हो गया है। इससे इलाके में तेज बदबू फैल रही है और बीमारी का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाले में आसपास के चिकन और मछली दुकानदार भी अपना वेस्ट फेंक देते हैं, जिससे स्थिति और भी भयावह हो गई है। बरसात का मौसम शुरू हो चुका है और पानी भराव के साथ मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों के फैलने की आशंका लोगों को सता रही है।

 बिरगांव में इस तरह की गंदगी और अव्यवस्था ने नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि नगर निगम का ध्यान इस ओर बिल्कुल भी नहीं है। महीनों से नाला जाम है, सफाईकर्मियों की तैनाती नहीं हुई और न ही कोई निगरानी की जा रही है।

स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम से मांग की है कि जल्द से जल्द इस नाले की सफाई कराई जाए और नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाए, ताकि बदबू और बीमारियों से राहत मिल सके। अगर समय रहते प्रशासन नहीं जागा तो यहां जनस्वास्थ्य की बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है।