Home Chhattisgarh news अब यात्रियों को पहले से मिलेगी ट्रेन रद्द होने की जानकारी, रेलवे का नया आदेश लागू

अब यात्रियों को पहले से मिलेगी ट्रेन रद्द होने की जानकारी, रेलवे का नया आदेश लागू

0
अब यात्रियों को पहले से मिलेगी ट्रेन रद्द होने की जानकारी, रेलवे का नया आदेश लागू

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा फैसला लिया है। रेलवे अब उन ट्रेनों की जानकारी पहले से सार्वजनिक करेगा जो विकास कार्यों और मेंटेनेंस के चलते रद्द होने वाली हैं। अब यात्रियों को अंतिम समय में ट्रेन कैंसिल होने की परेशानी नहीं होगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, अब किसी भी सेक्शन में ब्लॉक की योजना बनने पर पहले से तय कर लिया जाएगा कि किन-किन ट्रेनों को रद्द किया जाएगा। इससे यात्री वैकल्पिक ट्रेनों में समय रहते टिकट बुक कर सकेंगे और उनकी यात्रा प्रभावित नहीं होगी।

रेलवे जीएम तरुण प्रकाश ने शुक्रवार को दुर्ग दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब से हर ब्लॉक प्लान के साथ संभावित रद्द ट्रेनों की सूची जारी की जाएगी, ताकि यात्रियों को भ्रमित न होना पड़े।

एक साल में 800 से ज्यादा ट्रेनें हुईं रद्द

बीते एक वर्ष में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के विभिन्न सेक्शनों में इंटरलॉकिंग, नई लाइनों के निर्माण और अन्य कार्यों के चलते 800 से अधिक ट्रेनें रद्द की गईं। अक्सर यात्री अंतिम समय पर इसकी जानकारी मिलने से यात्रा की योजना नहीं बना पाते थे, जिससे उन्हें काफी परेशानी होती थी।

रेलवे ने स्वीकार किया है कि यह प्रक्रिया सुधार की मांग कर रही थी, और अब यात्रियों को ट्रेनों की रद्द होने की सूचना पहले से दी जाएगी। यह कदम यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने की दिशा में अहम साबित होगा।