उरला थाना क्षेत्र के ग्राम बेंद्री में अवैध नशे के कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने एक युवक को गांजा और अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने चाय-नाश्ते की दुकान की आड़ में नशे का सामान बेचता था।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उरला पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बेंद्री में एक दुकान संचालक द्वारा गांजा और शराब बेची जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दुकान में छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस को दुकान से 21 पुड़िया (कुल 65 ग्राम) गांजा और 50 पव्वा अंग्रेजी शराब (ब्रांड गोवा) बरामद हुए। जब्त किए गए मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब ₹8200 आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से आरोपी युवराज निषाद (उम्र 19 वर्ष), निवासी बेंद्री को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेज एक्ट की धारा 20(ए) और छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।