Home Chhattisgarh news टीकाकरण के बाद नवजात की मौत, परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया

टीकाकरण के बाद नवजात की मौत, परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया

0
टीकाकरण के बाद नवजात की मौत, परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया

छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में स्थित जिला अस्पताल कबीरधाम में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सोमवार को एक नवजात शिशु की मौत टीका लगने के कुछ घंटों बाद हो गई। बच्चे के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

परिवार के सदस्य मुकेश निर्मलकर ने बताया कि तीन दिन पहले उनकी पत्नी को प्रसव के लिए जिला अस्पताल लाया गया था, जहां उसने एक स्वस्थ बालक को जन्म दिया। सोमवार को जब शिशु को नियमित टीकाकरण के लिए अस्पताल के टीकाकरण कक्ष ले जाया गया, उस समय वह पूरी तरह स्वस्थ था।

टीका लगने के कुछ समय बाद ही बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। डॉक्टरों द्वारा जांच किए जाने पर शिशु को मृत घोषित कर दिया गया। इस घटना से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और मौत की स्पष्ट वजह बताने की मांग करते हुए नारेबाजी की।

अस्पताल प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकेगी। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा नवजात का पोस्टमार्टम किया जाएगा। हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने लापरवाही के आरोपों से इनकार किया है और मामले की जांच की बात कही है।