छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सुकमा स्थित राजीव भवन को अटैच किए जाने को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) अब भाजपा के सहायक संगठन की तरह काम कर रही है और यह कार्रवाई सीधे तौर पर केंद्र के इशारे पर की गई है।
बैज ने बताया कि सुकमा में बने कांग्रेस दफ्तर से जुड़ी सारी वित्तीय जानकारी पहले ही ईडी को सौंप दी गई थी, इसके बावजूद यह कदम उठाया गया। उन्होंने इसे लोकतंत्र पर सीधा हमला करार दिया। इस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर ईडी के खिलाफ पुतला दहन और विरोध प्रदर्शन किया।
रायगढ़ में मकान तोड़े जाने पर भी बैज ने जताया विरोध
दीपक बैज ने रायगढ़ में गरीबों के मकानों को तोड़े जाने की कार्रवाई को भी अमानवीय बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के एक मंत्री के इशारे पर 300 से अधिक गरीब परिवारों के आशियाने उजाड़ दिए गए। उन्होंने इस कदम को गरीब विरोधी करार देते हुए कहा कि यदि विकास गरीबों की कीमत पर होता है, तो वह विकास नहीं बल्कि विनाश है। कांग्रेस ने इस पूरे मामले की जांच के लिए एक समिति का गठन भी किया है।
शिक्षा व्यवस्था के युक्तियुक्तकरण पर भी उठाए सवाल
पीसीसी चीफ ने राज्य में शिक्षा विभाग की नीतियों को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 10,463 स्कूलों को जबरन बंद कर दिया गया है और नए सेटअप के नाम पर हजारों प्राथमिक, मिडिल, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों से शिक्षकों के 45,000 पद खत्म कर दिए गए हैं।
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि छात्र-शिक्षक अनुपात में वृद्धि कर दी गई है, रसोइयों और सफाई कर्मचारियों की छंटनी हो रही है। शिक्षकों पर मनमाने ढंग से दबाव बनाया जा रहा है, न कोई अतिशेष सूची जारी की गई है, न कोई ठोस आधार। उन्होंने इसे शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने की जिद बताया।
कांग्रेस ने सरकार की नीतियों को बताया जनविरोधी
दीपक बैज ने साफ कहा कि भाजपा सरकार के ये फैसले जनता विरोधी हैं और कांग्रेस इनका हर स्तर पर विरोध करती रहेगी।