छत्तीसगढ़ में लोगों को मानसूनी बारिश का इंतजार अब खत्म होने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक 14 जून से प्रदेशभर में अच्छी बारिश की शुरुआत हो सकती है। दंतेवाड़ा में पहले ही दस्तक दे चुका मानसून अब आगे बढ़ने को तैयार है। हालांकि राजधानी रायपुर में मानसून के पहुंचने की कोई आधिकारिक घोषणा अब तक नहीं हुई है।
पिछले साल रायपुर में मानसून 21 जून को पहुंचा था, जबकि सुकमा में 7 जून को ही बारिश शुरू हो गई थी। यानी रायपुर पहुंचने में उसे 14 दिन लगे थे। इस साल दंतेवाड़ा में मानसून ने 28 मई को दस्तक दी थी, लेकिन उसके बाद उम्मीद के अनुसार प्रदेश के अन्य हिस्सों में बारिश शुरू नहीं हो पाई।
रायपुर में मंगलवार को हुई तेज बारिश के बाद बुधवार और गुरुवार को मौसम सूखा रहा, हालांकि इससे तापमान में गिरावट आई और गर्मी से राहत मिली।
गर्मी से राहत लेकिन उमस ने बढ़ाई परेशानी
गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है, जिससे दिन की तपन तो कम हो गई है, लेकिन उमस के कारण लोग अब भी परेशान हैं।
शुक्रवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में जैसे-जैसे मानसून आगे बढ़ेगा, बारिश का सिलसिला भी तेज होने की उम्मीद है।