Home Chhattisgarh news Bilaspur news भिलाई में शराब दुकान के खिलाफ महिलाओं का विरोध प्रदर्शन, 7 दिन में स्थानांतरण की मांग

भिलाई में शराब दुकान के खिलाफ महिलाओं का विरोध प्रदर्शन, 7 दिन में स्थानांतरण की मांग

0
भिलाई में शराब दुकान के खिलाफ महिलाओं का विरोध प्रदर्शन, 7 दिन में स्थानांतरण की मांग

छत्तीसगढ़ के भिलाई में नेशनल हाईवे स्थित खुर्सीपार गेट के पास मौजूद शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर आज स्थानीय महिलाओं और शिवसेना कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस दुकान की वजह से महिलाओं को रोजमर्रा के आवागमन में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। साथ ही यह दुकान सुप्रीम कोर्ट की दिशा-निर्देशों का उल्लंघन भी कर रही है।

प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने आरोप लगाया कि शराब दुकान के आसपास का माहौल बेहद असुरक्षित हो गया है। छोटे-छोटे बच्चे भी नशे की चपेट में आ रहे हैं और हाईवे से महज 10 मीटर की दूरी पर दुकान होने के कारण सड़क हादसों की घटनाएं भी बढ़ गई हैं।

धरना स्थल पर थाना प्रभारी वंदिता के साथ-साथ आबकारी अधिकारी सुप्रिया तिवारी, तहसीलदार और अन्य प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि दुकान को जल्द स्थानांतरित किया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रक्रिया में थोड़ा समय लगेगा।

इस बीच शिवसेना कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर शराब दुकान नहीं हटाई गई, तो वे हाईवे पर चक्का जाम कर उग्र आंदोलन करेंगे। फिलहाल धरना शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है, और मौके पर खुर्सीपार थाना की पूरी पुलिस टीम तैनात रही।