Home Chhattisgarh news छत्तीसगढ़ में फिर लौटेगा मानसून का मिजाज, अगले 72 घंटों में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश के आसार

छत्तीसगढ़ में फिर लौटेगा मानसून का मिजाज, अगले 72 घंटों में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश के आसार

0
छत्तीसगढ़ में फिर लौटेगा मानसून का मिजाज, अगले 72 घंटों में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश के आसार

जून की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी ने एक बार फिर लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। राजधानी रायपुर में बीते कुछ दिनों से पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।

हालांकि, बीच-बीच में छाए बादलों ने थोड़ी राहत जरूर दी, लेकिन मई में हुई बारिश और आंधी से जो ठंडक महसूस हुई थी, वह अब खत्म होती नजर आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान मौसम की यह स्थिति बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के असर से बनी है, जो 10 जून तक सक्रिय रहेगा।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 9 जून से तापमान में और वृद्धि हो सकती है, जबकि 11 जून को ज्येष्ठ मास समाप्त होने के साथ कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। विभाग का यह भी कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है और गर्मी से राहत की उम्मीद फिलहाल कम ही है।

हालांकि, राहत की बात यह है कि राजधानी रायपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में अगले 72 घंटों के भीतर बादल छाने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में लोगों को तपती गर्मी के बीच कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है।