Home Chhattisgarh news पत्नी की हत्या के बाद फरार हुआ पति, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ सनसनीखेज खुलासा

पत्नी की हत्या के बाद फरार हुआ पति, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ सनसनीखेज खुलासा

0
पत्नी की हत्या के बाद फरार हुआ पति, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ सनसनीखेज खुलासा

रायपुर जिले के पुरानी बस्ती इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने पहले अपनी पत्नी को शराब पिलाई और फिर फिनाइल पिलाकर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भाठागांव क्षेत्र में स्थित डोमनलाल साहू के मकान में रमेश गुप्ता नामक युवक गीता यादव के साथ रह रहा था। रमेश पेशे से ड्राइवर है और गीता को उसने पत्नी के रूप में रखा था। बताया जा रहा है कि गीता के पहले पति की मृत्यु हो चुकी थी। 13 फरवरी को गीता अपने कमरे में मृत अवस्था में पाई गई थी। उसके मुंह से झाग निकल रहा था और कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था, जबकि रमेश वहां से फरार हो गया था।

मामले की जांच करते हुए पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अब आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ है कि महिला की मौत शराब और फिनाइल के सेवन से हुई है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने रमेश गुप्ता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी अभी भी फरार है और उसकी तलाश जारी है।

थाने में युवक ने खुद का गला रेतकर किया आत्महत्या का प्रयास

एक दूसरी चौंकाने वाली घटना मौदहापारा थाने में हुई, जहां एक युवक ने पुलिसकर्मी के सामने ही खुद का गला काट लिया। युवक ने “मुझे मरना है” कहते हुए अचानक यह खौफनाक कदम उठा लिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

फिलहाल युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। मौदहापारा पुलिस इस घटना की भी जांच कर रही है।