Home Chhattisgarh news रिलायंस डिजिटल शोरूम में 17 आईफोन चोरी: नकाबपोश चोर ने फिल्मी अंदाज़ में दी वारदात को अंजाम

रिलायंस डिजिटल शोरूम में 17 आईफोन चोरी: नकाबपोश चोर ने फिल्मी अंदाज़ में दी वारदात को अंजाम

0
रिलायंस डिजिटल शोरूम में 17 आईफोन चोरी: नकाबपोश चोर ने फिल्मी अंदाज़ में दी वारदात को अंजाम

शहर के व्यस्त जीई रोड पर स्थित एक बड़े इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में देर रात एक नकाबपोश चोर ने सेंधमारी कर करीब 11 लाख रुपये से ज्यादा के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना आधी रात की है, जब आरोपी ने पहले एक दोपहिया वाहन चुराया और फिर उसी से रिलायंस डिजिटल शोरूम पहुंचा।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शोरूम के पहले माले के किनारे लगे शीशे को तोड़कर भीतर प्रवेश किया। उसने अपने चेहरे को नकाब से ढंक रखा था। सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि शोरूम में घुसने के बाद वह सीधे एप्पल सेक्शन की ओर गया और अलमारी का ताला तोड़कर 17 आईफोन, एप्पल वॉच और एयरपॉड्स चुरा लिए। वह लगभग 20 मिनट तक शोरूम के अंदर रहा और फिर उसी रास्ते से बाहर निकल गया।

सिर्फ महंगे सामान को बनाया निशाना

चोर बेहद चालाक और अनुभवशील प्रतीत होता है, क्योंकि उसने शोरूम में रखे अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान को हाथ नहीं लगाया और केवल महंगे एप्पल प्रोडक्ट्स ही चुराए। शोरूम और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में उसकी गतिविधियां रिकॉर्ड हो गई हैं। हालांकि उसने अपनी गाड़ी को ऐसी जगह खड़ा किया था जहां वह कैमरे की पकड़ में नहीं आ सके, फिर भी अन्य कैमरों में उसकी तस्वीरें आ गई हैं।

चोरी किया गया था वाहन भी

पुलिस जांच में पता चला कि जिस दोपहिया वाहन से चोर आया था, वह पहले ही 25 मई को चोरी हो चुका था। अब पुलिस ने उस वाहन की चोरी का मामला भी अलग से दर्ज किया है।

निर्माणाधीन इमारत से पहुंचा छत तक

शोरूम के बगल में निर्माणाधीन भवन में लगे बांस-बल्ली का सहारा लेकर चोर छत तक पहुंचा और फिर शीशे की दीवार तोड़कर भीतर घुसा। इस घटना ने रात्रि पुलिस गश्त पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि यह शोरूम मुख्य सड़क पर स्थित है, जहां देर रात तक लोगों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद चोर न सिर्फ आराम से भीतर घुसा, बल्कि कीमती सामान लेकर फरार भी हो गया।

पुलिस ने जांच शुरू की

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने चोर की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। फिलहाल आरोपी फरार है, लेकिन पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।