छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक के दौरान आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि युवा ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत हैं। भारत में सबसे अधिक युवा जनसंख्या है, जो 2047 तक देश को विकसित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय परिषद की मेजबानी होना गर्व की बात है। उन्होंने शिक्षा को विकास का आधार बताया और कहा कि प्रदेश में सभी प्रमुख शैक्षणिक संस्थान मौजूद हैं। आईआईटी, एम्स, ट्रिपल आईटी, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रदेश के युवा अध्ययनरत हैं। नई शिक्षा नीति के तहत युवाओं को रोजगार से जोड़ने का भी प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा, ‘प्रयास’ संस्था के माध्यम से स्कूल के बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सिविल सेवा जैसी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए नई दिल्ली में ट्राइबल यूथ हॉस्टल का विस्तार कर 200 सीटें की गई हैं। प्रदेश में नालंदा परिसर बनाए जा रहे हैं जहां बच्चे एक शांत माहौल में पढ़ाई कर सकें। मेडिकल की पढ़ाई हिंदी भाषा में शुरू करने की पहल भी की गई है। साथ ही, प्राथमिक शिक्षा में बच्चों को उनकी मातृभाषा गोंडी और हल्बी में पढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति की देशभर में प्रशंसा का उल्लेख किया और कहा कि इससे राज्य में निवेश के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। सेमीकंडक्टर चिप निर्माण और एआई डेटा सेंटर जैसे आधुनिक उद्योग शुरू हो चुके हैं, जिनसे युवाओं के लिए नए रोजगार सृजित होंगे। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए पीएससी में हुई अनियमितताओं की जांच सीबीआई को सौंप दी गई है ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रहे।
मुख्यमंत्री ने ‘सुशासन तिहार’ के तहत पिछले डेढ़ साल में सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि जनता से फीडबैक लिया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन जैसी योजनाएं सफलतापूर्वक लागू की गई हैं। उन्होंने एक महिला की कहानी साझा की, जिसने महतारी वंदन की राशि से सिलाई मशीन खरीदी और उससे आय अर्जित कर रही है। एक अन्य महिला ने किराना दुकान चलाकर आय प्राप्त करने की बात कही।
सरकार पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन की दिशा में तेजी से काम कर रही है। ई-फाइलिंग और डिजिटलीकरण से कार्य प्रणाली को सुगम बनाया जा रहा है। इस कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक किरण देव और मोतीलाल साहू सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।