Home Chhattisgarh news नगर निगम की एमआईसी बैठक में लिए गए अहम निर्णय: किराया बढ़ा, 45 कर्मचारियों की भर्ती, सफाई और अतिक्रमण पर सख्ती

नगर निगम की एमआईसी बैठक में लिए गए अहम निर्णय: किराया बढ़ा, 45 कर्मचारियों की भर्ती, सफाई और अतिक्रमण पर सख्ती

0
नगर निगम की एमआईसी बैठक में लिए गए अहम निर्णय: किराया बढ़ा, 45 कर्मचारियों की भर्ती, सफाई और अतिक्रमण पर सख्ती

नगर निगम द्वारा आयोजित एमआईसी (महापौर परिषद) की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। महापौर अल्का बाघमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कुल 7 प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें स्वीकृति दी गई। बैठक के प्रमुख निर्णयों में दुकानों के किराए में 25 प्रतिशत की वृद्धि और विशेष सफाई अभियान के लिए 45 अस्थायी कर्मचारियों की भर्ती शामिल रही।

45 अस्थायी कर्मचारी केवल 45 दिनों के लिए

स्वास्थ्य विभाग द्वारा बाढ़ नियंत्रण अभियान के तहत चलाए जा रहे सफाई कार्यों के लिए 45 अतिरिक्त कर्मचारियों की भर्ती कलेक्टर दर पर की जाएगी। ये नियुक्तियां अस्थायी होंगी और केवल 45 दिनों के लिए मान्य होंगी। यह निर्णय विशेष रूप से सफाई अभियान की तीव्रता को देखते हुए लिया गया है।

दुकानों के किराए में 25% की बढ़ोतरी

नगर निगम के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और दुकानों की लीज नवीनीकरण प्रक्रिया के दौरान किराए में 25 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी। यह वृद्धि सुभाष स्कूल प्राथमिक शाला स्थित दुकान क्रमांक 6 तथा राजेन्द्र प्रसाद पार्क कॉम्प्लेक्स की दुकान क्रमांक 8 और 14 पर लागू होगी।

सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन पर सख्ती

इंदिरा मार्केट क्षेत्र में दुकानदारों द्वारा रात में कचरा बाहर फेंकने की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए, निगम ने क्षेत्र की निगरानी बढ़ाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। कचरा फेंकने वालों की पहचान कर उन्हें नोटिस दिया जाएगा और जुर्माना वसूला जाएगा।

विकास कार्यों के लिए जमीन और अतिक्रमण हटाने की योजना

नगर निगम ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए शासकीय भूमि की आवश्यकता को देखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही तेज करने का निर्णय लिया है। साथ ही भविष्य में अतिक्रमण न हो, इसके लिए चिन्हित शासकीय जमीन पर गुमटी लगाने का भी प्रस्ताव पारित किया गया है।

अन्य निर्णय

पुलगांव नाले की दोनों ओर गैंग लगाकर सफाई कराने का निर्णय।

नगर निगम परिसर में वाहन शाखा के गैरेज में टीन शेड निर्माण और सीमेंटीकरण।

विभिन्न वार्डों में 19 ट्यूबलर विद्युत पोल लगाने की मंजूरी।

बस स्टैंड स्थित रैन बसेरा को महिला समूह को तीन वर्षों के लिए सौंपा जाएगा।

इन सभी निर्णयों के ज़रिए नगर निगम ने साफ-सफाई, नगर विकास और अनुशासन व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।