रायपुर, 26 मई 2025लोकमाता रानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में मां बंजारी भाजपा मंडल बिरगांव द्वारा एक विशेष मंडल कार्यशाला का आयोजन ट्रांसपोर्ट नगर, रावांभाठा स्थित होटल एंट्री प्वाइंट में किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर ग्रामीण से विधायक माननीय श्री मोतीलाल साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता छत्तीसगढ़ बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती वर्णिका शर्मा रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में बिरगांव के नेता प्रतिपक्ष श्री ओमप्रकाश साहू ने भाग लिया।

इस कार्यशाला की अध्यक्षता मां बंजारी भाजपा मंडल बिरगांव की अध्यक्ष श्रीमती भागीरथी यादव ने की। कार्यक्रम में बिरगांव नगर निगम के अनेक पार्षदों सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया।

वक्ताओं ने रानी अहिल्याबाई होलकर के प्रेरणादायी जीवन, उनके सामाजिक योगदान और त्याग के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि किस प्रकार अहिल्याबाई ने एक महिला होकर समाज का मार्गदर्शन किया और देशभर में धर्म, संस्कृति और सेवा का आदर्श प्रस्तुत किया। उनके द्वारा करवाए गए मंदिरों के पुनर्निर्माण और समाज को एक सूत्र में बांधने के प्रयासों को सराहा गया।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि रानी अहिल्याबाई ने तीन शताब्दी पहले ही पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझा था और वृक्षारोपण को बढ़ावा दिया था, जो आज भी अत्यंत प्रासंगिक है।

कार्यक्रम के अंत में मंडल अध्यक्ष भागीरथी यादव ने नवगठित मंडल की ओर से सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल जनजागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि हमारे गौरवशाली इतिहास को भी जीवित रखने में सहायक होते हैं।