Home Business news रायपुर में बनेगा देश का प्रमुख AI डेटा सेंटर, ESDS करेगी 600 करोड़ का निवेश

रायपुर में बनेगा देश का प्रमुख AI डेटा सेंटर, ESDS करेगी 600 करोड़ का निवेश

0
रायपुर में बनेगा देश का प्रमुख AI डेटा सेंटर, ESDS करेगी 600 करोड़ का निवेश

छत्तीसगढ़ जल्द ही देश के डिजिटल परिदृश्य में एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। रायपुर में अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित डेटा सेंटर की स्थापना के लिए टेक्नोलॉजी कंपनी ESDS Software Solution Ltd ने 600 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का प्रस्ताव पेश किया है। यह प्रस्ताव नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष रखा गया।

कंपनी के चेयरमैन पीयूष सोमानी और उपाध्यक्ष लोकेश शर्मा ने इस दौरान बताया कि यह डेटा सेंटर छत्तीसगढ़ को ही नहीं, बल्कि पूरे देश के डिजिटल विकास को गति देगा। इस परियोजना के तहत राज्य को AI, क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सुरक्षा और डिजिटल स्टोरेज के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में एक ठोस प्रयास होगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि यह निवेश डिजिटल इंडिया के विजन को जमीन पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस परियोजना को शीघ्रता से साकार करने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

ESDS की यह योजना न केवल छत्तीसगढ़ को टेक्नोलॉजी हब के रूप में विकसित करेगी, बल्कि यहां के युवाओं के लिए उच्च गुणवत्ता वाले रोजगार के नए रास्ते भी खोलेगी। यह डेटा सेंटर राज्य के IT इकोसिस्टम को मजबूती देगा और डिजिटल आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और राज्य की इनवेस्टमेंट कमिश्नर ऋतु सेन भी उपस्थित थीं।