छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी और मासूम बच्ची को चलती बाइक से नीचे गिरा दिया। इस घटना में दोनों को चोटें आई हैं। पीड़िता अनुराधा बघेल ने आरोप लगाया कि उसके पति कुलदीप का एक अन्य महिला के साथ अवैध संबंध है और वह उसे अब अपनी जिंदगी से निकालना चाहता है।
अनुराधा ने बताया कि कुलदीप और उसके बीच कॉलेज के समय से प्रेम संबंध थे और दोनों ने करीब पांच साल पहले लव मैरिज की थी। शादी के बाद उनके दो बेटियां हुईं, लेकिन कुलदीप और उसके परिवार को बेटियों का जन्म पसंद नहीं था। सास-ससुर ने उसे घर से निकाल दिया था, जिसके बाद कुलदीप उसे कोरबा ले आया।
घटना के दिन कुलदीप ने तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए रामनगर के पास पत्नी से झगड़ा किया और कहा, “अब मैं तुझे नहीं रखूंगा, तू अपनी जान और अपनी जिंदगी खुद संभाल।” इसी दौरान उसने अचानक बाइक को ब्रेक मारा, जिससे पत्नी और बच्ची सड़क पर गिर पड़ीं और घायल हो गईं।
बताया गया है कि कुलदीप कोरबा में एक निजी बैंक में लोन विभाग में कार्यरत है और वहीं किराए के मकान में रहता है। वहीं, अनुराधा को बिलासपुर में छोड़ दिया गया था और वह पहली बार कोरबा आई थी। महिला ने अब इस घटना को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और न्याय की मांग की है।