छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में शनिवार तड़के एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की संयुक्त टीम ने दो कारोबारी भाइयों के आवास पर छापा मारा। यह कार्रवाई ब्रह्मरोड स्थित सेठ बसंतलाल मार्ग पर की गई, जहां कपड़ा व्यवसायी और सप्लायर फर्म ‘धजाराम-विनोद कुमार’ के संचालक अशोक अग्रवाल और मुकेश अग्रवाल रहते हैं।
दोनों पर डीएमएफ (जिला खनिज न्यास) फंड से करोड़ों रुपये की अनियमित सप्लाई का आरोप है। इनके खिलाफ पहले ही DMF घोटाले के तहत FIR दर्ज की जा चुकी है। बताया गया है कि सुबह करीब 4 बजे जांच टीम दो वाहनों में पहुंची और दरवाजा खुलवाकर तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान घर के किसी भी सदस्य को बाहर जाने की इजाजत नहीं दी गई। टीम ने दस्तावेजों की गहन जांच की और दोनों भाइयों से पूछताछ भी की।
कांग्रेस सरकार के दौरान अशोक और मुकेश अग्रवाल ने महिला एवं बाल विकास विभाग और आदिम जाति कल्याण विभाग को करोड़ों की सप्लाई की थी। DMF घोटाले में उनकी फर्म का नाम प्रमुखता से सामने आया है।
गौरतलब है कि इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम भी इन कारोबारी भाइयों के घर पर छापा मार चुकी है और वहां से कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए थे। फिलहाल, छापे के दौरान घर के भीतर क्या गतिविधियां हो रही हैं, इसकी जानकारी सामने नहीं आ सकी है।