Home Chhattisgarh news बेमेतरा: नवविवाहिता की हत्या के बाद पति ने की आत्महत्या, गांव में छाया मातम

बेमेतरा: नवविवाहिता की हत्या के बाद पति ने की आत्महत्या, गांव में छाया मातम

0
बेमेतरा: नवविवाहिता की हत्या के बाद पति ने की आत्महत्या, गांव में छाया मातम

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के पथर्रीकला गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। आपसी विवाद के चलते एक युवक ने पहले अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर खुद खेत में पेड़ से लटककर जान दे दी। इस घटना के बाद पूरे गांव और परिवार में शोक की लहर है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 वर्षीय यशवंत वर्मा ने शुक्रवार को अपनी 7 माह की नवविवाहिता पत्नी नंदनी वर्मा की हत्या कर दी। वारदात के बाद वह घर से कुछ दूरी पर स्थित नवागांव खुर्द के खेत में गया और वहां फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

बताया गया कि पति-पत्नी के बीच अकसर विवाद होते रहते थे। एक सप्ताह पहले नंदनी मायके चली गई थी। यशवंत गुरुवार को ससुराल गया और शुक्रवार सुबह पत्नी को साथ लेकर गांव लौटा। घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर दोनों में बहस हुई, जिसके बाद यशवंत ने नंदनी की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी।

घटना के वक्त घर में यशवंत की मां प्यारी बाई भी मौजूद थीं, लेकिन वे दूसरे कमरे में थीं और वारदात की पूरी जानकारी नहीं दे सकीं।

नंदनी के पिता चंद्रदेव वर्मा ने बताया कि बेटी ने फोन पर पति द्वारा मारपीट की जानकारी दी थी। बाद में जब उन्होंने दोबारा कॉल किया तो फोन नहीं उठा। वे तुरंत ससुराल पहुंचे, जहां उन्हें बेटी की हत्या की जानकारी मिली।

घटना की सूचना मिलते ही परपोड़ी पुलिस, एसएसपी रामकृष्ण साहू, एचडीओपी विनय कुमार और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए साजा अस्पताल भेजा गया।

 दोनों का विवाह मंदिर में हुआ था और शादी के बाद से ही उनका वैवाहिक जीवन तनावपूर्ण चल रहा था। यशवंत मजदूरी का काम करता था। शादी के फोटो और घटना के बाद के दृश्य सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम न्यायिक अधिकारी की उपस्थिति में कराया गया है, और पड़ोसियों व परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।