शहर का प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र तीनबत्ती से गुजराती बाजार तक हर दिन भारी ट्रैफिक जाम का सामना कर रहा है। खासकर शादी-विवाह के सीजन में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है। बाजार में आने वाले ग्राहकों को पार्किंग की सुविधा नहीं मिलती, जिससे उन्हें काफी असुविधा होती है।
व्यापारियों का कहना है कि सड़कों और फुटपाथ पर बढ़ती हाथ ठेले और पथ विक्रेताओं की संख्या से हालात और भी बिगड़ते जा रहे हैं। ग्राहक अब खरीदारी के लिए मकरोनिया क्षेत्र की ओर रुख करने लगे हैं। व्यापारी चाहते हैं कि ठेला व्यापारियों को किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जाए और बाजार क्षेत्र में समुचित पार्किंग की व्यवस्था की जाए।
हर दिन लाखों की आवाजाही, व्यवस्था लचर
कटरा बाजार क्षेत्र में पीक ऑवर के दौरान करीब 20 हजार से अधिक लोगों की आवाजाही होती है। दिनभर यह आंकड़ा एक लाख तक पहुंच जाता है। फुटपाथ पर वाहनों की अवैध पार्किंग से स्थिति और बदतर हो जाती है।
स्कूल परिसरों में बन सकती है पार्किंग
स्थानीय व्यापारी रमेश चौधरी का कहना है कि शहर के कुछ सरकारी स्कूल, जिनमें विद्यार्थियों की संख्या कम है, उनके परिसरों में पार्किंग की व्यवस्था की जा सकती है। साथ ही मुख्य बाजारों में शोभायात्राएं प्रतिबंधित की जानी चाहिए क्योंकि इससे घंटों जाम लगा रहता है।
रिक्शा और चैम्पियन वाहनों से भी बाधा
मेडिकल स्टोर संचालक रामजी दुबे बताते हैं कि ऑटो रिक्शा और चैम्पियन वाहन बीच सड़क पर रुककर सवारियां भरते हैं, जिससे खासकर मस्जिद से कीर्ति स्तंभ मार्ग तक भारी अव्यवस्था रहती है।
बाजार से हट रहे ग्राहक, व्यापार पर असर
सराफा व्यापारी संतोष सोनी के अनुसार, सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग और भारी वाहनों के प्रवेश से बाजार की रफ्तार धीमी हो रही है। लोग अब मकरोनिया जैसे विकल्पों की ओर बढ़ रहे हैं।
फुटपाथ के कारोबार से स्थायी दुकानदार परेशान
स्टील व्यापारी देवेंद्र जैन ने बताया कि एक ही परिवार के कई सदस्य फुटपाथ पर दुकानें लगाकर व्यापार कर रहे हैं, जिससे किराए पर दुकान चलाने वाले व्यापारियों की दुकानों की पहचान ही छिप जाती है और ग्राहक नहीं पहुंच पाते।