छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बोलकोनगर क्षेत्र में एक सूना मकान चोरों के निशाने पर आ गया। चोरों ने मकान का ताला तोड़कर वहां से नकदी सहित करीब 20 हजार रुपए के सामान चुरा लिए। इस घटना को लेकर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चुईया निवासी लक्ष्मण साहू, जो सीएसईबी से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं, 27 अप्रैल को अपनी पत्नी के साथ किसी जरूरी काम से रायपुर गए हुए थे। उनके मकान में ताला लगा हुआ था। जब वे शनिवार सुबह करीब 10 बजे वापस लौटे, तो देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है।
घर के अंदर पहुंचने पर उन्हें सारा सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर पता चला कि घर से कांसे की थाली, महुआ, चावल और करीब 6 हजार रुपए नकद सहित कुल लगभग 20 हजार रुपए के सामान चोरी हो चुके थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों की तलाश जारी है।