Home Chhattisgarh news PM मोदी ने की दंतेवाड़ा विज्ञान केंद्र की सराहना, कहा- पिछड़ेपन और हिंसा से नवाचार की ओर बढ़ता भारत

PM मोदी ने की दंतेवाड़ा विज्ञान केंद्र की सराहना, कहा- पिछड़ेपन और हिंसा से नवाचार की ओर बढ़ता भारत

0
PM मोदी ने की दंतेवाड़ा विज्ञान केंद्र की सराहना, कहा- पिछड़ेपन और हिंसा से नवाचार की ओर बढ़ता भारत

रायपुर (CG News): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 121वीं कड़ी में छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में स्थापित विज्ञान केंद्र की भूरी-भूरी प्रशंसा की। पीएम मोदी ने कहा कि कभी पिछड़ेपन और हिंसा के लिए पहचाने जाने वाले इलाके अब नवाचार के केंद्र बन रहे हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को अपने रायपुर स्थित निवास कार्यालय में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने विशेष रूप से दंतेवाड़ा विज्ञान केंद्र का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केंद्र पूरे देश का ध्यान आकर्षित कर रहा है। यहां बच्चों को थ्री-डी प्रिंटर, रोबोटिक कार जैसी अत्याधुनिक तकनीकों से परिचित कराया जा रहा है, जो भारत के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।

प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि विज्ञान और नवाचार के प्रति युवाओं का बढ़ता आकर्षण भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। उन्होंने कहा, “आज भारत के युवा तेजी से विज्ञान, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।”

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम को देशवासियों को सकारात्मक दिशा प्रदान करने वाला अद्वितीय मंच बताया। उन्होंने कहा कि मोदी जी के विचार और संदेश देशभर के नागरिकों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। दंतेवाड़ा का विज्ञान केंद्र आज वैज्ञानिक चेतना और नवाचार का प्रेरक माध्यम बन चुका है, विशेषकर आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए। प्रधानमंत्री की सराहना से छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश को उत्साहवर्धक संदेश मिला है।