Home Accident news केदारनाथ के पास बड़ा हादसा: हेलिकॉप्टर क्रैश में पायलट समेत 7 लोगों की मौत, मासूम बच्चा भी शामिल

केदारनाथ के पास बड़ा हादसा: हेलिकॉप्टर क्रैश में पायलट समेत 7 लोगों की मौत, मासूम बच्चा भी शामिल

0
केदारनाथ के पास बड़ा हादसा: हेलिकॉप्टर क्रैश में पायलट समेत 7 लोगों की मौत, मासूम बच्चा भी शामिल

उत्तराखंड के केदारनाथ क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे गौरीकुंड के पास एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में पायलट समेत कुल सात लोगों की जान चली गई। मृतकों में एक 23 महीने का बच्चा भी शामिल है।

हेलिकॉप्टर आर्यन एविएशन कंपनी का था और यह गौरी माई खर्क इलाके में जंगल के ऊपर क्रैश हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खराब मौसम को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

ग्रामीण महिलाओं ने दी जानकारी

घटनास्थल के पास घास काट रही नेपाली मूल की महिलाओं ने सबसे पहले क्रैश की जानकारी दी। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया। हेलिकॉप्टर नोडल अधिकारी राहुल चौबे और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने हादसे की पुष्टि की है। राहत और बचाव कार्य में SDRF व NDRF की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं।

मृतकों में महाराष्ट्र, उत्तराखंड, यूपी और गुजरात के लोग

जान गंवाने वालों में महाराष्ट्र के जयसवाल परिवार के तीन सदस्य – राजकुमार जयसवाल, श्रद्धा जयसवाल और उनका बच्चा काशी जयसवाल शामिल हैं। इसके अलावा तुष्टि सिंह, विनोद नेगी, बीकेटीसी कर्मचारी विक्रम सिंह रावत और पायलट कैप्टन राजीव भी इस हादसे का शिकार हो गए।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा, “रुद्रप्रयाग जिले में हुए हेलिकॉप्टर हादसे की खबर अत्यंत दुखद है। राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है। मैं बाबा केदारनाथ से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।”

कुछ दिन पहले भी हुआ था हादसा

गौरतलब है कि इससे पहले 7 जून को भी केदारनाथ क्षेत्र में एक हेलिकॉप्टर तकनीकी खराबी के चलते सड़क पर आपातकालीन रूप से उतारना पड़ा था। उस वक्त सभी यात्री और पायलट सुरक्षित बचा लिए गए थे।

यह ताजा हादसा एक बार फिर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था और मौसम की गंभीरता को लेकर बड़ेसवाल खड़े करता है।