Home Accident news कौन है इस आगजनी के लिए जिम्मेदार?

कौन है इस आगजनी के लिए जिम्मेदार?

0
कौन है इस आगजनी के लिए जिम्मेदार?

टेहका गांव स्थित सर्वोत्तम इंडस्ट्रीज के बायोमास प्लांट में गुरुवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग ने इतनी तेजी से विकराल रूप ले लिया कि पूरे प्लांट को अपनी चपेट में ले लिया। प्लांट में मौजूद ज्वलनशील सामग्री—जैसे एग्रो वेस्ट, विनीयर वेस्ट और जलाऊ लकड़ी—ने आग को और भड़का दिया, जिससे लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगीं।

सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। नगर पालिका के साथ-साथ अंबुजा सीमेंट और अल्ट्राटेक सीमेंट की दमकल गाड़ियां भी मौके पर जुटीं। समाचार लिखे जाने तक आग पर करीब 60 से 70 प्रतिशत तक काबू पा लिया गया था। राहत एवं बचाव कार्य में एसडीएम अभिषेक गुप्ता स्वयं मौके पर उपस्थित रहे और स्थिति की निगरानी करते रहे।

सौभाग्य से इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन प्लांट को भारी आर्थिक क्षति हुई है। कई महंगे उपकरण, मशीनें, कच्चा और तैयार माल पूरी तरह जलकर राख हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, नुकसान लाखों रुपए में हो सकता है, हालांकि वास्तविक आंकलन बाद में किया जाएगा।

प्लांट संचालक राकेश ईदवानी ने दमकल विभाग, प्रशासन और सहयोगी संस्थाओं का आभार प्रकट किया। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। आग लगने के कारणों का खुलासा जांच के बाद किया जाएगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सुरक्षा उपायों को और कड़ा करने की बात कही जा रही है।