रायपुर। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम जनता को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक नई पहल की गई है। रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बुधवार को इस अभियान का शुभारंभ किया। खास बात यह रही कि इस अभियान की शुरुआत खुद कलेक्टर द्वारा ई-रिक्शा चलाकर की गई, जबकि एसएसपी उनके पीछे की सीट पर बैठे थे। इस दृश्य ने राहगीरों और आम लोगों का खासा ध्यान खींचा।

जागरूकता फैलाएगा ईवी पेट्रोलिंग वाहन
इस पहल के तहत एक विशेष ईवी (इलेक्ट्रिक व्हीकल) पेट्रोलिंग वाहन को शहर की गलियों, स्कूलों, कॉलेजों और औद्योगिक क्षेत्रों में भेजा जाएगा, जहां यह लोगों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी देगा। वाहन में लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, मोबाइल का इस्तेमाल न करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने जैसे जरूरी संदेश प्रसारित किए जाएंगे।
हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत
कलेक्टर कार्यालय परिसर से इस ईवी पेट्रोलिंग वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके पर कलेक्टर गौरव कुमार ने कहा कि वे स्वयं ई-रिक्शा चला रहे हैं ताकि लोगों को यह संदेश दें कि ट्रैफिक नियमों का पालन करना हर किसी की जिम्मेदारी है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने भी लोगों से अपील की कि वे छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखें क्योंकि इससे बड़ा बदलाव संभव है।
नवाचार की सराहना
जी.के. इलेक्ट्रिक ग्रुप के निदेशक पुनीत परवानी और अमर परवानी ने इस नवाचार को एक सकारात्मक कदम बताया जो रायपुर की सड़कों को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में मददगार साबित होगा। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) डॉ. प्रशांत शुक्ला, डीएसपी सतीश ठाकुर, गुरजीत सिंह और थाना प्रभारी विशाल कुजूर भी मौजूद रहे।
यह अभियान न सिर्फ शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने की दिशा में एक कदम है, बल्कि आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाने की एक प्रेरणादायक कोशिश भी है।