रायपुर के मिलिट्री स्टेशन से ‘राइड फॉर विक्ट्री’ नामक एक विशेष बाइक रैली की शुरुआत की गई, जिसमें सेना के अफसरों के साथ-साथ रायपुर के राइडर्स क्लब के सदस्य भी शामिल हुए। यह रैली कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। राइडर्स ने बस्तर की खूबसूरत लेकिन चुनौतीपूर्ण केशकाल घाटी तक बाइक राइड की, जहां उन्होंने तिरंगा लहराया और ‘जय हिंद’ के नारों से माहौल को देशभक्ति से भर दिया।

इस भावनात्मक और साहसिक रैली में 60 से अधिक राइडर्स ने भाग लिया, जिनमें सेना के वर्तमान जवान, रिटायर्ड सैनिक, महिला राइडर्स और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रोफेशनल्स शामिल थे। भारी बारिश और कठिन रास्तों के बावजूद सभी प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बनता था।
सेना अधिकारियों ने बताया कि इस रैली का मकसद न केवल कारगिल के शहीदों के अदम्य साहस और बलिदान को नमन करना था, बल्कि युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करना और उन्हें राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करना भी इस आयोजन का अहम उद्देश्य रहा।